Covid-19 – कोरोना वायरस से लड़ाई में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अपने स्तर पर हर तरह से सहायता कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर उन्होंने पीएम केयर्स फंड को 25 करोड़ रुपये का योगदान दिया था। अब उन्होंने मुंबई पुलिस के लिए 1000 रिस्ट बैंड बांटे हैं, जो कोरोना वाइरस के लक्षणों को पहचानने में सहायता करेंगे।

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ये रिस्ट बैंड बनाने वाली कंपनी के ब्रांड एम्बेस्डर भी हैं। यह बैंड घड़ी की तरह कलाई पर बांध लिया जाता है। इसमें लगे सेंसर्स शरीर का तापमान, धड़कन, ब्लड प्रेशर के साथ कदमों की संख्या और कैलोरीज़ पर नज़र रखते हैं। कोरोना वायरस से संक्रमण की पहचान के लिए सबसे ज़रूरी कदम तापमान ही है।

इससे पहले मुंबई पुलिस को कोरोना वायरस से लड़ाई में मदद करने के लिए अक्षय ने पुलिस फाउंडेशन को 2 करोड़ रुपये का दान भी दिया था। इसके लिए मुंबई पुलिस कमिश्नर ने उनका शुक्रिया अदा किया तो अक्षय ने इसके जवाब में मुंबई पुलिस के हेड कांस्टेबल चंद्रकांत पेंडुरकर और संदीप सुर्वे को सलाम किया, जिनकी जान COVID-19 एपिडेमिक में अपनी ड्यूटी करते हुए चली गयी।

इसके अलावा अक्षय कुमार ने बीएमसी को पीपीई, मास्क और रैपिड टेस्टिंग किट ख़रीदने के लिए भी 3 करोड़ रुपये दान दिये थे। सोशल मीडिया के ज़रिए अक्षय कुमार कोरोना वायरस से लड़ाई में लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया में वीडियोज़ के ज़रिए सेल्फ़ आइसोलेशन के लिए लोगों को प्रेरित किया था। कोरोना वायरस से लड़ाई में जुटे डॉक्टर्स, मेडिकल स्टाफ, सफ़ाई कर्मचारी और दूसरे तमाम लोगों की हौसलाअफ़जाई के लिए अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया में उन्हें थैंक यू बोलने की मुहिम भी शुरू की थी।